भाटापारा शहर में 80 वर्षीय असहाय महिला से झपटमारी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि वारदात का मास्टरमाइंड पीड़िता का सगा भतीजा ही था।
उसने अपनी प्रेमिका और दो साथियों के साथ मिलकर वृद्धा को झांसे में लेकर सुनसान स्थान पर बुलाया और उसके गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 9.980 ग्राम सोने के जेवर, वारदात में उपयोग मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार नयापारा वार्ड निवासी 80 वर्षीय हीराबाई ध्रुव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक और महिला मोटरसाइकिल से उनके पास पहुंचे। दोनों ने खुद को अस्पताल में भर्ती एक रिश्तेदार का पड़ोसी बताते हुए विश्वास में लिया। अस्पताल चलने के लिए कहा। रास्ते में बोडतरा रोड स्थित सुनसान स्थान पर ले जाकर आरोपियों ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। फिर फरार हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज और शहर के सर्विलांस कैमरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ के दौरान अजय उर्फ गोलू ध्रुव से मिले सुराग के आधार पर पूरी साजिश का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि पीड़िता के सगे भतीजे टेकूराम ध्रुव ने अपनी प्रेमिका सरिता निषाद, साथी सागर मरकाम और अजय उर्फ गोलू ध्रुव के साथ मिलकर पूरी वारदात की योजना बनाई थी। रिश्तेदारी का फायदा उठाकर वृद्धा की दिनचर्या और जानकारी जुटाई गई, फिर झांसा देकर लूट को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9.980 ग्राम सोने के जेवर, वारदात में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और इस्तेमाल किया गया स्कार्फ जब्त कर लिया। सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मामले का खुलासा करते हुए अपराधियों को सख्त संदेश दिया है।







