ट्रक चालक ने छात्रा को रौंदा, बैरिकेड्स तोड़ पुलिस को 55 किमी तक दौड़ाया; नशेड़ी ड्राइवर गिरफ्तार

Truck driver runs over student, breaks barricades, chases police for 55 km; drunk driver arrested

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ग्राम गुंडरदेही में शुक्रवार की सुबह लगभग 10.50 बजे एक ट्रक 15 वर्षीय किशोरी को रौंद कर फरार हो गया।

आठ किमी दूर अंबागढ़ चौकी से पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया लेकिन वाहन चालक रफ्तार बढ़ाते हुए भागने की कोशिश करने लगा। उसे रोकने मोहला में थाने के सामने बैरिकेडिंग की गई। पुलिस जवान बीच सड़क पर उसे रुकने का इशारा करते रहे लेकिन आरोपित ट्रक चालक ने बैरिकेडिंग पर गाड़ी चढ़ाते हुए जवानों की जान भी खतरे में डाल दी।

50 किमी तक पीछा करने के बाद आरोपित चालक मानपुर से आगे कोरकोट्टी में दबोचा गया। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे उतर गई, जहां से पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपित चालक देवी सिंग निवासी उत्‍तरप्रदेश आरोपित नशे में वाहन चला रहा था।

गुंडरदेही में मृतका दीपाली (13) पिता राजेश हल्‍बा शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे खड़ी थी इसी दौरान ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान चालक ने भीड़ भाड़ वाले कई इलाकों में भी लोगों की जान खतरे में डाल दी और पुलिस जवानों को भी रौंदने का प्रयास किया। मोहला थाने के सामने ट्रक के बैरिकेडिंग तोड़ने का विडियो भी इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ है।

मोहला और मानपुर के लोगों ने सड़क से तेज गति से निकलते ट्रक को देखकर जैसे तैसे अपनी जान बचाई। लगभग 55 किमी दौड़ाने के बाद पुलिस ने आरोपित ट्रक चालक को कोरकोट्टी में दबोचा और गिरफ्तार कर लिया। ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्‍त होने से चालक को चोटे भी आई हैं।

घटना के बाद गुंडरदेही के ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर काफी देर तक प्रदर्शन किया। गांव से गुजरे स्‍टेट हाइवे में आए दिन इस तरह की दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश था। मृतका दीपाली छठवीं की छात्रा थी। उसकी मौत से गांव में शोक का माहौल है। उसके स्‍वजन बेसुध हैं। प्रशासन और पुलिस की समझाईश के बाद मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।