कोरबा,27 जून 2026: कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूमोड़ के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां दो तेज रफ्तार ट्रेलरों की आमने-सामने की टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह के समय हुआ जब दोनों ट्रेलर तेज गति से एक-दूसरे की ओर आ रहे थे। नियंत्रण खोने के कारण आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और एक ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर कटर की मदद से ट्रेलर की केबिन काटी और चालक के शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मृतक की पहचान की पुष्टि की जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों और वाहन मालिक को हादसे की सूचना दे दी है और उनके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। हादसे के बाद दूसरे ट्रेलर का चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस अब फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर वाहन की पहचान की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और हिट एंड रन का मामला दर्ज किया जाएगा। वाहन के नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाया जा रहा है। कटघोरा थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें और लापरवाही न बरतें।







