सक्ती में बुजुर्ग दंपत्ति की निर्मम हत्या से सनसनी, सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

The brutal murder of an elderly couple in Sakti has caused a sensation; they were beheaded and killed; police are investigating from every angle.

सक्ती, 03 जून 2026/ छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के सेन्दुरस गांव में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। मंगलवार देर रात हुई इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। बुधवार सुबह जब पड़ोसी महिला उनके घर पहुंची तो घटना का खुलासा हुआ। घर के अंदर दोनों के शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतकों की पहचान 70 वर्षीय पुरुषोत्तम खूंटे और उनकी पत्नी 55 वर्षीय गोहारिन बाई के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात आरोपियों ने दोनों के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या की है। वारदात इतनी निर्मम थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा तत्काल घटनास्थल पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जांच टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं दोनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस संपत्ति विवाद, पुरानी रंजिश, चोरी या अन्य संभावित कारणों समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना वाली रात गांव में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे सेन्दुरस गांव समेत आसपास के क्षेत्रों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

सक्ती जिले में हुए इस सनसनीखेज डबल मर्डर ने कानून-व्यवस्था और ग्रामीण सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर संभावित सुराग पर काम कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।