ज्येष्ठ पूर्णिमा पर 31 मई को होगी भव्य हसदेव आरती

A grand Hasdev Aarti will be held on May 31st on the occasion of Jyeshtha Purnima.

नदी संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का संदेश देगी नमामि हसदेव सेवा समिति

कोरबा। जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी के संरक्षण, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से कार्यरत नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर 31 मई 2026 (रविवार) को सायं 6 बजे मां सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में भव्य हसदेव आरती का आयोजन किया जाएगा। समिति ने जिलेवासियों से इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होने की अपील की है।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हसदेव नदी और उसकी सहायक नदियां कोरबा जिले के लाखों लोगों के जीवन का आधार हैं। इन जल स्रोतों को प्रदूषण से मुक्त रखने, इनके संरक्षण को बढ़ावा देने तथा नदी तटों के सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रत्येक माह की पूर्णिमा पर मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर हसदेव आरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यावरण प्रेमी शामिल होते हैं।

इस बार ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाली आरती में वनवासी कल्याण आश्रम छत्तीसगढ़ के प्रांत उपाध्यक्ष श्री महेश गुप्ता मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा, विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा (पूर्व) के प्राचार्य श्री अश्वनी चतुर्वेदी, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गेवराबस्ती कुसमुंडा के प्राचार्य श्री चिंतामणी कौशिक तथा कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा के सहायक प्राध्यापक श्री गोविंद माधव उपाध्याय विशिष्ट यजमान के रूप में हसदेव आरती में सहभागिता करेंगे।

नमामि हसदेव सेवा समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे इस आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर हसदेव नदी के संरक्षण के संकल्प को मजबूत करें तथा हसदेव आरती में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करें।