कोरबा में अज्ञात वाहन के टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

Two bike riders died after being hit by an unknown vehicle in Korba.

कोरबा, 19 मई 2026। जिले के बांकी मोगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग इन्द्रानगर के पास की है सोमवार रात करीब 8 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जो लगभग पांच घंटे तक जारी रहा।

जवाली गांव निवासी प्रकाश और बबलू मोटरसाइकिल से जवाली मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी तथा मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

करीब पांच घंटे बाद प्रशासन की ओर से तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की तथा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।