कवर्धा में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार नदी में गिरी, चार युवकों की मौत, दो की हालत गंभीर

4 killed – Tragic accident in Kawardha, speeding car plunges into river, four youths dead, two in critical condition

कवर्धा 4 मई 2026। कवर्धा जिले में रविवार की रात हुए एक भीषण हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि कार सवार युवक पंडरिया में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर वापस रायपुर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फोक नदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में काम में सवार 6 युवकों में 4 की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक ये हादसा पांडातराई थाना अंतर्गत गड़ई गांव के हाफ नदी पुल पास घटित हुआ। बताया जा रहा है कि रायपुर बिरगांव निवासी 6 युवक पंडरिया शादी समारोह में शामिल होने गये थे। रविवार रात सभी 6 दोस्त कार क्रमांक सीजी 10 एएस 1082 से वापस रायपुर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार मोड़ पर अनियंत्रित हो गयी। कार चला रहा युवक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते कार पुल से नीचे नदी में जा गिरी।

इस भीषण हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से देर रात ही राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस दर्दनाक हादसे में अरमान अली (20), मोहम्मद सैफ (19), अनस अली (21) और कौनैन (19) की मौत हो गई। वहीं, जुनेद रजा (21) और आरजु खान (19) गंभीर रूप से घायल हैं।

दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पांडातराई पुल के पास का यह मोड़ पहले भी कई हादसे हो चुके है। अंधेरा और तेज रफ्तार इस दुर्घटना की बड़ी वजह माने जा रहे हैं। पांडातराई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ओवरस्पीड और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण सामने आया है।