थाना बांगो पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग में ट्रेलर चालक से लूट करने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Bango police station arrested two accused who robbed a trailer driver on the national highway.

आरोपियों ने चालक को धमकाकर नगदी एवं ऑनलाइन ट्रांसफर सहित कुल 9500/- रुपये की लूट की थी।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन एवं लूटी रकम बरामद की।

कोरबा 29 अप्रैल 2026/जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना/चौकी स्तर पर लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

“सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा जिले में अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में थाना बांगो क्षेत्र अंतर्गत अपराध क्रमांक 77/2026 धारा 296, 351(3), 309(4) बीएनएस के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। प्रार्थी सलमान अंसारी, ट्रेलर चालक निवासी गढ़वा, दिनांक 26.04.2026 को अम्बिकापुर से कोयला लोड कर रायपुर जा रहा था। रात्रि लगभग 02:00 बजे हसदेव नदी के पास ट्रेलर का प्रेशर कम होने पर उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा किया।

इसी दौरान सफेद रंग की बिना नंबर की बोलेरो वाहन में सवार दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और ट्रेलर चालक से वाहन के कागजात मांगते हुए गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देकर उसे कार में बैठा लिया। आरोपियों द्वारा चालक के पास रखे नगदी 7000/- रुपये एवं पर्स में रखे 800/- रुपये लूट लिए गए तथा क्यूआर कोड के माध्यम से 1200/- एवं 500/- रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। इस प्रकार कुल 9500/- रुपये की लूट कर आरोपी मौके से फरार हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बांगो में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना करना स्वीकार किया गया। मामले में प्रयुक्त बिना नंबर की बोलेरो वाहन एवं लूटी गई रकम में से 800/- रुपये बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी

01. रौनक सिंह पिता राकेश सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी तिफरा विद्युतनगर, थाना सिरगिट्टी जिला बिलासपुर (छ.ग.)

02. कुनाल रजक पिता मनोज कुमार रजक, उम्र 19 वर्ष, निवासी तिफरा विद्युतनगर, थाना सिरगिट्टी जिला बिलासपुर (छ.ग.)

दोनों आरोपियों को दिनांक 28.04.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

उक्त कार्रवाई में थाना बांगो पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें सउनि नरेंद्र डिसेना, आरक्षक जयप्रकाश यादव एवं रामगोपाल साहू का विशेष योगदान रहा।

कोरबा पुलिस की अपील
सभी नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्व अथवा अपराध संबंधी सूचना की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना/चौकी अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। आपकी सतर्कता ही अपराध नियंत्रण में सबसे बड़ी भागीदारी है।