सरकारी शराब दुकान का सुपरवाइजर अवैध शराब तस्करी करते गिरफ्तार, निजी कार से ले जा रहा था कई ब्रांड्स की सरकारी शराब…

A government liquor store supervisor was arrested for illegal liquor smuggling; he was transporting several brands of government liquor in his private car.

सीतापुर,25 अप्रैल (वेदांत समाचार)। अंबिकापुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय अंग्रेजी शराब दुकान के एक सुपरवाइजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी निजी कार में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर अवैध सप्लाई के लिए जा रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय अंग्रेजी शराब दुकान का सुपरवाइजर सूरज गुप्ता देर रात नियमों का उल्लंघन करते हुए दुकान से अंग्रेजी शराब अपनी कार में लादकर तस्करी के उद्देश्य से ले जा रहा था।

मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और सडकपारा प्रतापगढ़ के पास रात करीब 1 बजे घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को कार सहित थाने ले गई, जहां तलाशी के दौरान वाहन क्रमांक CG15C V7455 से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से गोआ स्पेशल व्हिस्की 86.400 लीटर एवं मेडोफ व्हिस्की 8.640 लीटर, कुल 95.04 लीटर शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 65,280 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही कार एवं बरामद शराब को जब्त करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।