खंडवा। खंडवा शहर में इमलीपुरा स्थित बेगम पार्क के पास छापा पार कार्रवाई में बड़ी मात्रा में चर्बी युक्त घी जिला प्रशासन ने जब्त किया है। यहां लंबे समय से इस तरह की गतिविधि चल रही थी। गुप्त सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर, तहसीलदार महेश सोलंकी, निगम उपायुक्त सचिन सिटोले पशु चिकित्सा अधिकारयों के साथ पहुंचे और दबिश दी।
यहां बड़ी मात्रा में बोरियो में जानवरों की खाल, हड्डियों सहित ड्रामों और कनस्तरों में चर्बी युक्त घी पाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद मालिक अनवर कुरैशी को पुलिस थाने ले गई। पूछताछ में उसने अपने पास वर्ष 2023 का ट्रेड लाइसेंस अपशिष्ट सामग्री रखने का बताया। यहां दो अलग-अलग मकानों में जानवरों की चर्बी और खालें जब्त की गई है।
कार्रवाई में नौ ड्रम 69 कनस्तर चर्बी युक्त घी बरामद किया गया है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि यहां चल रही अवैध गतिविधि की शिकायत कई बार की जाती रही है। मौके से जब्त चर्बी, खाल और हड्डियों के सैंपल पशु विभाग की टीम ने लिए हैं।






