लखनऊ विवि के लिए ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में अंकुश कुमार का चयन

Ankush Kumar selected for All India University Games for Lucknow University

बिहार गतका के अध्यक्ष व महासचिव ने दी बधाई

पटना 23 अप्रैल 2026/ मुजफ्फरपुर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अंकुश कुमार, पिता प्रभु यादव ने गतका खेल में एक नया इतिहास रच दिया है। वे गतका यूनिवर्सिटी स्तर पर चयनित होने वाले अपने क्षेत्र के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। अंकुश कुमार का चयन लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की गतका टीम में हुआ है। यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। इस अवसर पर बिहार गतका के जनरल सेक्रेटरी भोला कुमार और अध्यक्ष जगजीवन सिंह ने भी अंकुश कुमार को इस उपलब्धि पर बधाई दी तथा प्रतियोगिता में जीत हासिल कर लौटने के लिए शुभकामनाएं दी है।
अंकुश एक साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। घर की परिस्थितियां अनुकूल न होने के बावजूद उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। विपरीत हालातों में भी उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रेरणादायक है। उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और टीम में अपनी जगह बनाई। उनके इस चयन से परिवार, कोच और पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। अब अंकुश कुमार राष्ट्रीय स्तर पर लखनऊ विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उम्मीद है कि वे बेहतरीन प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और अपने राज्य का नाम रोशन करेंगे।