रायगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना: मां ने ढाई साल के मासूम की पत्थर से हत्या, पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

A shocking incident in Raigarh: Mother killed her two-and-a-half-year-old child with a stone, police solved the mystery.

रायगढ़,20 अप्रैल 2026। जिले के कापू थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और हृदय विदारक मामला सामने आया है, जहां एक मां ने अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की पत्थर से हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। रायगढ़ पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा निवासी बोधसाय मंझवार (28 वर्ष) ने 19 अप्रैल को थाना कापू में अपने ढाई साल के बेटे अनुज मंझवार के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 16 अप्रैल की सुबह वह जंगल गया हुआ था और घर पर उसकी पत्नी सोनमती सरोती मंझवार अपने दोनों बच्चों के साथ थी। जब वह दोपहर में लौटा तो घर सूना मिला। शाम को उसकी साढ़े चार साल की बेटी घर पहुंची और बताया कि उसकी मां उसे घर भेजकर छोटे भाई को लेकर जंगल की ओर चली गई है।

परिजनों और ग्रामीणों ने दो दिनों तक जंगल में तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। 18 अप्रैल की रात रानीगौवा पहाड़ के पास एक पगडंडी किनारे खून के निशान दिखाई दिए। पास ही गहरी खाई में खोजबीन करने पर मासूम अनुज का शव मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कापू पुलिस ने अपराध क्रमांक 68/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक की मां सोनमती को हिरासत में लेकर वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। शुरुआत में महिला पुलिस को गुमराह करती रही और अपहरण की कहानी गढ़ती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के सामने उसका झूठ ज्यादा देर तक नहीं टिक सका।

आखिरकार महिला ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह घटना के दिन अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके जा रही थी। रास्ते में उसने बेटी को घर भेज दिया और बेटे अनुज को लेकर पहाड़ी रास्ते पर आगे बढ़ी। चढ़ाई के दौरान बच्चे के चलने से इनकार करने पर गुस्से में आकर उसने पहले बच्चे को जमीन पर पटक दिया और फिर उसके सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह घर लौटकर झूठी कहानी बनाकर सभी को भ्रमित करती रही।

पुलिस ने आरोपी महिला के बयान की वीडियोग्राफी करवाई और उसे घटनास्थल ले जाकर हत्या में प्रयुक्त पत्थर समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए। आरोपी सोनमती सरोती मंझवार (27 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में और अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में इस जघन्य अपराध का खुलासा किया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि इस प्रकार के अमानवीय अपराध समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए वैज्ञानिक जांच के जरिए दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।