कोरबा 15 अप्रैल 2026/ दर्री जोन के पार्षदों ने स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और जनसुनवाई के दौरान किए गए वादों को शीघ्र पूरा करने की मांग को लेकर दर्री के मुख्य अभियंता सीएसपीजीसीएल के नाम दर्री थाना पुलिस को ज्ञापन सौंपा है। स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देते हुए पार्षदों ने मांग की है कि सीएसपीजीसीएल की परियोजनाओं में बाहरी श्रमिकों के बजाय स्थानीय युवाओं और प्रभावित परिवारों के युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएं।
ज्ञापन में बताया गया है कि दर्री, कोरबा स्थित परियोजना के प्रारंभ से पूर्व आयोजित जनसुनवाई में स्थानीय लोगों को रोजगार देने एवं क्षेत्र के विकास के लिए कई अहम आश्वासन दिए गए थे। लेकिन अब तक एक भी वादों पूरा नहीं की गई है,जिससे क्षेत्रीय युवाओं और श्रमिकों में निराशा और असंतोष का माहौल बन रहा है।स्थानीय पार्षदों का कहना है कि वे पहले भी कई बार इस संबंध में निवेदन और पत्राचार कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि 10 दिनों के भीतर स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने और किए गए वादों को पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।पार्षदों ने चेतावनी भी दी है कि यदि निर्धारित समयावधि में उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे जनहित में आंदोलन/विरोध के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और परियोजना प्रबंधन की होगी।

वार्ड क्रमांक 52 पार्षद सरोज सांडिल्य का कहना है संयंत्रों से होने वाले प्रदूषण और राखड़ से सबसे ज्यादा प्रभावित स्थानीय युवा हैं, इसलिए रोजगार पर पहला हक उनका होना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से पार्षद ,सरोज सांडिल्य ,जनक सिंह राजपूत, कल्याणी बाई यादव ,अजय कुमार चंद्रा,प्रीति दिनेश शर्मा ,विनम्र कुमार तिवारी,श्रीमती सुखधिदर कौर शामिल रहे।









