बालकोनगर में लघु दुकानदारों के समर्थन में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का कड़ा रुख, प्रबंधन को दी चेतावनी

Former minister Jaisingh Agrawal takes a strong stand in support of small shopkeepers in Balco Nagar, warns the management

कोरबा 8 अप्रैल 2026/ बालकोनगर के लघु दुकानदारों द्वारा संरक्षण एवं सहयोग की अपील के बाद आज पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल  ने बालकोनगर पहुंचकर उत्सव वाटिका, इंदिरा मार्केट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बालको प्रबंधन द्वारा नोटिस प्राप्त लगभग सभी  प्रभावित दुकानदार एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन बालकोनगर चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स द्वारा किया गया था जिसमें अध्यक्ष सुमेरमल डालमिया विशेष रूप से उपस्थित रहे. कांग्रेस पार्टी से पी-सी-सी सचिव विकास सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सपना चौहान, सांसद प्रतिनिधि मोहन प्रधान, प्रदेश महिला नेत्री रेखा त्रिपाठी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश पंकज, विकास सिंह (विक्की), वरिष्ठ कांग्रेस नेता एफ डी मानिकपुरी, शशिलता पाण्डेय, आनंद पालीवाल, पुष्पा पात्रे, ब्लाक अध्यक्ष ए डी  जोशी, राजेंद्र तिवारी, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा, पार्षद बद्रीकिरण, मंडल अध्यक्ष अश्वनी पटेल, बुद्धेश्वर चौहान, इक़बाल कुरैशी, देवीदयाल सोनी, पूर्व एल्डरमैन आरिफ खान, शायदा खान, श्रीकांत मांझी एवं अमित सिंह सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक बैठक में हिस्सा लिया.  


नोटिस प्राप्त दुकानदारों ने बताया कि प्रबंधन द्वारा उन्हें स्थल खाली करने के लिए 8 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया गया है, जिसके पश्चात यदि वे स्वयं स्थल खाली नहीं करते हैं तो प्रबंधन द्वारा बलपूर्वक ठेला-गुमटी हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जयसिंह अग्रवाल ने स्पष्ट एवं कड़े शब्दों में कहा कि वे हर परिस्थिति में इन गरीब एवं मेहनतकश दुकानदारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि संकट की घड़ी में वे एक फोन कॉल पर हमेशा उपलब्ध रहेंगे और किसी भी प्रकार की अन्यायपूर्ण कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बालको प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ठेला-गुमटी एवं दुकाने हटाने का प्रयास किया गया, तो उसके विरोध में जोरदार आंदोलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा और बालको द्वारा किए गए अवैध निर्माणों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई हेतु जनआंदोलन किया जाएगा।
श्री अग्रवाल ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे पूरी एकजुटता के साथ प्रभावित दुकानदारों के समर्थन में खड़े रहें और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव संघर्ष करें।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में इस अन्यायपूर्ण कार्रवाई का विरोध करते हुए संघर्ष का संकल्प लिया।