दुरुग में अपहरण की कोशिश से सनसनी, नकाबपोशों से बचकर भागीं दो बच्चियां

Attempted kidnapping in Durug causes sensation, two girls escape from masked men

सारंगढ़-बिलाईगढ़ ,06 2026 जिले के बेलादुला चौकी क्षेत्र के दुरुग गांव में अपहरण की कोशिश का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दो नाबालिग बच्चियों को अज्ञात नकाबपोश युवकों द्वारा उठाने की कोशिश किए जाने से इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है। दोनों बच्चियां अपने घर के आंगन में खड़ी थीं, तभी पीछे से दो अज्ञात नकाबपोश पहुंचे और उनके मुंह पर कुछ सुंघाने की कोशिश करने लगे।

खतरा भांपते ही बच्चियों ने शोर मचाया, लेकिन परिजन तुरंत बाहर नहीं आ सके बताया जा रहा है कि खुद को बचाने के लिए दोनों बच्चियां वहां से भागीं और करीब एक किलोमीटर दूर जाकर छिप गईं। इसी दौरान जब परिजनों ने बच्चियों को घर में नहीं देखा तो वे रिश्तेदारों के साथ उनकी तलाश में निकल पड़े। बाद में दोनों बच्चियां गांव के छोर पर स्थित घोघरी इलाके के पास बेसुध अवस्था में मिलीं।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने भटगांव थाना और बेलादुला चौकी में सूचना देने की बात कही है। परिजन इस घटना को बच्चा चोरी की आशंका से भी जोड़कर देख रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। फिलहाल घटना की वास्तविकता स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।