रायगढ़, 05 अप्रैल 2026: रायगढ़ जिले में चोरी की बाइक की जांच के दौरान एक सूदखोर (ब्याज पर पैसा देने वाला) का नेटवर्क सामने आया है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह पूरा मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। पुलिस जांच में सामने आया कि, ग्राम भकुर्रा निवासी चूड़ामणि गुप्ता ग्रामीणों को 3 प्रतिशत मासिक ब्याज पर पैसे उधार देता था। रकम के बदले बाइक, सोना-चांदी जैसे सामान गिरवी रखता था।
बाद में पैसे जल्दी लौटाने के लिए दबाव बनाता था। कई लोगों को लगातार प्रताड़ित करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 बाइक और गिरवी रखे सामानों का हिसाब-किताब वाला रजिस्टर बरामद किया है। जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। ग्रामीण की शिकायत से मामला स्पष्ट हुआ। ग्राम भकुर्रा निवासी रामप्रसाद रतिया (55) ने पुलिस को बताया कि, उसने घर बनाने के लिए 12,000 रुपए उधार लिए थे। बदले में अपनी बाइक गिरवी रखी। कई महीनों तक ब्याज चुकाने के बावजूद आरोपी उसे परेशान करता रहा।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी गांव के कई अन्य लोगों को भी इसी तरह परेशान करता था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ ऋणियों के संरक्षण अधिनियम (कर्जा एक्ट) की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। SSP ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि, “नागरिक केवल बैंक और वैध वित्तीय संस्थाओं से ही ऋण लें। अवैध रूप से ब्याज वसूलने और लोगों को प्रताड़ित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”








