मैरिज ब्यूरो के नाम पर लाखों की वसूली, दुल्हन बनाकर ठगी,ऐसे फंसाए जाते थे ग्राहक,पुलिस ने गिरोह का किया खुलासा।

Lakhs of rupees were collected in the name of marriage bureau, cheating by posing as bride, this is how customers were trapped, police exposed the gang.

फर्जी बैंक खातों व फर्जी मोबाइल नंबर से संचालित “मैरिज ब्युरो” पर बिलासपुर पुलिस का “प्रहार”।

म्यूल खातों की जांच दौरान एकत्र जानकारी के आधार पर बिलासपुर पुलिस को मिली सफलता।

बिलासपुर 3 अप्रैल2026/शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित नेटवर्क का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। “मैरिज ब्यूरो” की आड़ में चल रहे इस गिरोह द्वारा लोगों की भावनाओं का फायदा उठाकर लाखों रुपए ठगे जा रहे थे। फर्जी बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और कॉल सेंटर के माध्यम से संचालित इस रैकेट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद की है।

मामले का खुलासा म्यूल बैंक खातों की जांच के दौरान हुआ। जांच में सामने आया कि सरकंडा और कोतवाली थाना क्षेत्र में कॉल सेंटर के रूप में फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित किए जा रहे थे। ये गिरोह अविवाहित और निराश लोगों को शादी का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठता था। जांच की शुरुआत भारतीय स्टेट बैंक के एक संदिग्ध खाते से हुई, जो सरकंडा निवासी महिला के नाम पर था, लेकिन उसका संचालन उसकी बेटी तरुणा उर्फ सोनू खरे कर रही थी।

पुलिस ने देवनंदन नगर, सरकंडा स्थित “विवाह गाइड” नामक मैट्रिमोनियल ऑफिस पर छापा मारा, जहां संचालक महारथी साहू, सहयोगी फुलेश्वर श्रीवास, मैनेजर तरुणा खरे और संचालिका नीरा बाथम मौजूद मिले। पूछताछ में खुलासा हुआ कि बेरोजगार युवतियों को नौकरी का झांसा देकर उन्हें “फर्जी दुल्हन” बनाकर ग्राहकों से फोन पर बात कराई जाती थी्र कार्रवाई के दौरान 10 कंप्यूटर, 70 मोबाइल फोन और 20 हजार रुपएनकद बरामद किए गए। साथ ही, कई फर्जी बैंक खातों के माध्यम से लाखों लेनदेन का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस ने इस मामले में महारथी साहू, फुलेश्वर श्रीवास, तरुणा उर्फ सोनू खरे और नीरा बाथम को हिरासत में लिया है।

मामले में आरोपीगण के विरुद्ध थाना सरकण्डा में अपराध धारा 318(4), 61 (2) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त हुई है, जिनकी जांच जारी है एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।