जांजगीर-चांपा , 03 अप्रैल 2026: जांजगीर-चांपा जिले के बीरगहनी चौक स्थित एक किराना दुकान से लगभग 10 हजार रुपये के सामान की चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अमित पटेल(19) और राजवीर सिंह(19) को पकड़ा है। उनके कब्जे से चोरी का राशन सामान भी जब्त कर लिया गया है। बीरगहनी चौक पर स्थित किराना दुकान के संचालक ने पुलिस को बताया कि 31 मार्च की रात को वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। 1 अप्रैल की सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला।
दुकान से लगभग 10 हजार रुपये का राशन सामान चोरी हो गया था। इस संबंध में सिटी कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में अमित पटेल और राजवीर सिंह नाम के दो युवक संदिग्ध रूप से घूमते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
शुरुआत में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने किराना दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सामानों को भी जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।







