छत्तीसगढ़ में ट्रेन में किन्नर बनकर वसूली करने वाली 7 महिलाएं गिरफ्तार, आरपीएफ की कार्रवाई

7 women arrested for extorting money by posing as transgenders on trains in Chhattisgarh; RPF action taken

राजनांदगांव, 30 मार्च 2025/ ट्रेनों में यात्रियों से किन्नरों द्वारा वसूली की घटनाएं अक्सर सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार मामला अलग निकला। किन्नर बनकर यात्रियों से जबरन पैसे मांगने और उन्हें परेशान करने वाली 7 महिलाओं को राजनांदगांव रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रेलवे हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद की गई।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 22846 में सफर कर रहे यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ किन्नर यात्रियों से जबरन पैसे मांग रहे हैं और अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। शिकायत मिलते ही मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष ने तत्काल आरपीएफ टीम को अलर्ट किया।

आरपीएफ निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में टीम ने संबंधित कोचों में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान सामने आया कि कुछ महिलाएं किन्नर बनकर यात्रियों से वसूली कर रही थीं और विरोध करने पर बदसलूकी भी कर रही थीं। टीम ने मौके पर ही सभी सातों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

इसके बाद सभी आरोपियों को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव लाया गया, जहां उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 145 और 137 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरपीएफ ने बताया कि इस तरह की गतिविधियां न केवल गैरकानूनी हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए भी खतरा हैं।

आरपीएफ प्रभारी तरुणा साहू ने स्पष्ट कहा कि ट्रेनों में जबरन वसूली, अभद्र व्यवहार या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यदि यात्रा के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि, जबरन वसूली या असुविधा महसूस हो, तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें। शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।