शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, महिला थाना की त्वरित कार्रवाई

Accused of raping on the pretext of marriage arrested, prompt action by women police station

रायगढ़,25 मार्च 2026। रायगढ़ पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। महिला थाना की इस त्वरित कार्रवाई से आरोपी को घटना के महज एक दिन बाद ही पकड़ लिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय युवती ने 24 मार्च 2026 को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अप्रैल 2024 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू निवासी सरिया से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने विश्वास में लेकर 20 अक्टूबर 2025 को युवती के घर पहुंचकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता के अनुसार, नवंबर 2025 में आरोपी उसे रायपुर ले गया, जहां अपने रिश्तेदार के घर में दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। लगातार शादी का दबाव बनाने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और 5 मार्च 2026 को सरिया बुलाकर मिलने के बाद शादी से साफ इनकार कर दिया।

घटना से आहत युवती ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 351 (3) और 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू (34) को उसके घर से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना टीम की अहम भूमिका रही।

एसएसपी का सख्त संदेश एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।