गौ-सेवक पर तस्करों ने गाड़ी से कुचलकर की हत्या, नाराज लोगों ने किया जमकर पथराव, एसडीएम और पुलिस की गाड़ियां तोड़ी

Cow protector crushed to death by smugglers, angry people pelted stones, damaged SDM and police vehicles.

मथुरा 21 मार्च 2026। ईद के दिन कान्हा की नगरी ब्रज में बवाल मच गया। बताया जा रहा है कि मथुरा के थाना कोसीकलां के अंतर्गत कोटवन चौकी क्षेत्र के नवीपुर में बीती रात गौ-तस्करों ने विख्यात गौ-सेवक चंद्रशेखर की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। मृतक गौ-सेवक को क्षेत्र में फरसा वाले बाबा के नाम से भी जाना जाता था। इस घटना के बाद आगरा-दिल्ली हाईवे जाम कर दिया गया। घटना के बाद नाराज भीड़ ने हाईवे पर जमकर पथराव कर दिया। जिसमें एसडीएम और पुलिस की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हालात पर काबू पाने के लिए सेना की टुकड़ी ने मोर्चा संभाला है।

जानकारी के मुताबिक बाबा चंद्रशेखर को क्षेत्र में गौ-तस्करों की सक्रियता की सूचना मिली थी। वे अपनी टीम के साथ तस्करों का पीछा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नवीपुर के समीप तस्करों ने क्रूरता की हदें पार कर दी और उन्होने अपनी गाड़ी बाबा के ऊपर चढ़ा दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए छाता पुलिस ने मोर्चा संभालने का प्रयास किया। बरसाना की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर सघन नाकाबंदी कर दी गई है, ताकि फरार आरोपियों को पकड़ा जा सके। बाबा का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित बाबा की गोशाला पहुंचा।

जहां हजारों की संख्या में ग्रामीण और गौ-भक्त जमा हैं। आपको बता दे बाबा फरसा वाले अपने निडर स्वभाव और गौ-वंश की रक्षा के लिए ब्रज क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनकी हत्या की खबर फैलते ही हिंदूवादी संगठनों और गौ-सेवकों में भारी रोष व्याप्त है। वहीं भीड़ के जुटने के साथ ही आक्रोश बढ़ता गया। इस दौरान आगरा दिल्ली हाईवे पर आक्रोशित भीड़ ने पथराव करना शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर भगदड़ मच गई।

पथराव और आक्रोशित भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागने शुरू कर दिया। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण सुरेशचंद्र रावत, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार और एक वीआईपी ड्यूटी में अलीगढ़ से आए थाना प्रभारी की गाड़ी को निशाना बनाया गया। सभी अधिकारियों की गाड़ी के शीशे और खिड़कियां तोड़ दीं गयी। फिलहाल इस पूरे घटना को लेकर जहां लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है, वहीं पुलिस प्रशासन लोगों को समझाइश देकर माहौल शांत कराने में जुटा हुआ है।