CRPF कैंप अटैक केस NIA ने 6 और आरोपियों के खिलाफ पेश की चार्जशीट, डमी-मॉडल तैयार कर पहले ट्रेनिंग ली, फिर किया था हमला

CRPF camp attack case: NIA files chargesheet against 6 more accused; dummy models prepared, trained, and then carried out attack

बीजापुर, 21 मार्च 2026 बीजापुर जिले के CRPF कैंप पर हुए हमले के मामले में NIA ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 और आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इनमें 3 फरार आरोपी भी शामिल हैं। इस नई चार्जशीट के साथ मामले में कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है

यह मामला 16 जनवरी 2024 का है, जब बीजापुर जिले में धर्मावरम CRPF कैंप पर माओवादी हमलावरों ने एक साथ कई ठिकानों को निशाना बनाया था। NIA के अनुसार, पहले माओवादियों ने कैंप की रेकी की। कैंप का एक मॉडल तैयार किया था। जिसके बाद प्रशिक्षण लिया और फिर वारदात की।

हमलावरों के पास ऑटोमैटिक हथियार और देसी तरीके से बनाए गए बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) थे। इस हमले में एक दर्जन से ज्यादा CRPF जवान घायल हुए थे। हालांकि, जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली भाग निकले थे। धर्मावरम कैंप के अलावा चिंतावागु और पामेड़ के कैंप भी निशाने पर थे।

ये हैं आरोपी

चार्जशीट में जिन आरोपियों को शामिल किया गया है, उनमें गिरफ्तार आरोपी अवलम भीमा, मड़काम नंदा और मड़काम देवा उर्फ रतन के नाम हैं। फरार आरोपियों में संगठन के स्पेशल जोनल कमेटी का एक सदस्य भी शामिल है। सभी आरोपियों पर UAPA, IPC आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

जांच में सामने आया कि हमले का मकसद सुरक्षा बलों को निशाना बनाना और हथियार लूटना था। इसके लिए माओवादियों ने पहले टारगेट कैंप का डमी मॉडल तैयार कर प्रशिक्षण लिया था। हमले से पहले कैंप की रेकी भी की गई थी। जांच के दौरान हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल के सबूत मिले हैं।