सीएसईबी सीनियर क्लब में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में भाजपा के गौरवशाली इतिहास, विचारधारा और संगठन की ताकत से कार्यकर्ताओं को किया गया प्रेरित
कोरबा।भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत कोरबा नगर के कोसाबाड़ी मंडल में मंगलवार 17 मार्च 2026 को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ हुआ। सीएसईबी सीनियर क्लब में आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी एवं रायपुर सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने ध्वजारोहण कर तथा दीप प्रज्वलित कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक ऊर्जा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। ध्वजारोहण और दीप प्रज्वलन के साथ ही उपस्थित कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति और जोश से भर दिया।

प्रशिक्षण अभियान के प्रथम सत्र की अध्यक्षता कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष श्री राजेश राठौर ने की। मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के गौरवशाली इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा का इतिहास केवल राजनीतिक घटनाओं का नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, राष्ट्रभक्ति और समर्पण की अद्वितीय परंपरा का प्रतीक है।
उन्होंने जनसंघ के दौर से लेकर वर्तमान समय तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, अनुशासन और वैचारिक निष्ठा के बल पर ही आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है।
श्री मोदी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित होकर कार्य करें। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “एकात्म मानववाद” को भाजपा की आत्मा बताते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाना ही पार्टी की मूल सोच है।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह ने की। इस सत्र में जिला सह-संगठन प्रभारी श्री बृजेन्द्र शुक्ला की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान संगठन की कार्यपद्धति, बूथ स्तर तक सशक्तिकरण और कार्यकर्ता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया।
पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी ने गंभीरता और सक्रियता के साथ सत्रों में भाग लेते हुए संगठनात्मक मूल्यों और कार्यशैली को गहराई से समझा।
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भोजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने पूरे आयोजन को आत्मीयता और उत्सव के माहौल से भर दिया।
यह महा प्रशिक्षण अभियान न केवल संगठन को नई मजबूती प्रदान करने वाला साबित हो रहा है, बल्कि इससे कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की भावना को भी नई ऊर्जा मिल रही है।








