कोरबा में चार दिन बंद रहेंगे वधशाला और मांस दुकानें, निगम का आदेश

Slaughterhouses and meat shops will remain closed for four days in Korba, corporation orders

कोरबा, 17 मार्च 2026। नगर पालिक निगम कोरबा ने आगामी धार्मिक पर्वों को देखते हुए शहर में पशुवध और मांस विक्रय पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है। निगम क्षेत्र में संचालित सभी वधशालाएं और मांस की दुकानें 19, 20, 27 और 31 मार्च को पूर्णतः बंद रहेंगी।

निगम प्रशासन के अनुसार 19 मार्च को गुड़ी पड़वा, 20 मार्च को चैतीचांद, 27 मार्च को रामनवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर यह प्रतिबंध लागू रहेगा। इन तिथियों पर न तो पशुवध किया जाएगा और न ही मांस का विक्रय किया जाएगा।

इस संबंध में निगम द्वारा सभी वधशाला संचालकों और मांस विक्रेताओं को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथियों पर यदि कहीं मांस विक्रय करते पाया गया, तो मांस जब्त कर संबंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।