रायपुर में गैस किल्लत के बीच सिलेंडर चोरी: दीवार फांदकर ले उड़ा चोर, पुलिस जांच में जुटी

Raipur: Cylinder stolen amid gas shortage: Thief flees by jumping over wall, police investigating

रायपुर, 17 मार्च 2026 /राजधानी में रसोई गैस की किल्लत के बीच अब सिलेंडर चोरी की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। ताजा मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है, जहां अज्ञात चोर एक मकान की दीवार फांदकर आंगन में रखा गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, बजाज कॉलोनी सेक्टर-7, न्यू राजेंद्र नगर निवासी रितेश (45), जो पेशे से सिविल इंजीनियर हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके घर के आंगन में एचपी कंपनी का खाली गैस सिलेंडर रखा हुआ था। सोमवार तड़के करीब 4:30 से 5 बजे के बीच अज्ञात चोर दीवार फांदकर घर में घुसा और सिलेंडर उठाकर फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़ित ने अपने स्तर पर सिलेंडर की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। चोरी गए सिलेंडर की कीमत करीब 2000 रुपये बताई गई है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

गैस संकट ने बढ़ाई परेशानी

राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत गहराती जा रही है। तेल कंपनियों ने गैस एजेंसियों को मिलने वाली आपूर्ति पर 20 से 25 प्रतिशत तक का कोटा तय कर दिया है। इसके चलते उपभोक्ताओं को मांग के अनुसार गैस नहीं मिल पा रही है और एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं।अंग्रेजी समाचार

अवैध जमाखोरी पर कार्रवाई

प्रशासन द्वारा गैस वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रदेश के पांच बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद जमाखोरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। अब तक 102 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 741 अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। प्रशासन ने जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।