कोरबा में मेगा स्वच्छता अभियान जारी, आयुक्त ने वार्ड 25 और 29 में पैदल भ्रमण कर किया निरीक्षण

Mega cleanliness drive underway in Korba; Commissioner inspects Wards 25 and 29 on foot

कोरबा, 14 मार्च 2026। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाने के लिए चलाए जा रहे स्वच्छता महाअभियान के तहत शनिवार को वार्ड क्रमांक 25 शिवाजीनगर और वार्ड क्रमांक 29 मुड़ापार में मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाया गया। अभियान के दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने दोनों वार्डों में पैदल भ्रमण कर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

महापौर संजुदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के 11वें दिन वार्डों की बस्तियों, मोहल्लों, मुख्य और संपर्क सड़कों, नालियों तथा सार्वजनिक स्थलों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किए गए। नालियों के ऊपर से स्लैब हटाकर उनकी गहराई से सफाई की गई, सड़कों के किनारे जमी धूल-मिट्टी और झाड़ियों को हटाया गया तथा कचरे का त्वरित उठाव और परिवहन किया गया। साथ ही कीटनाशक दवाओं और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बस्तियों और मोहल्लों में डोर-टू-डोर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नाली-सड़क सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने सीएंडडी वेस्ट, अतिक्रमण, दुकानों में डस्टबिन न रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नागरिकों से शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग न करें। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक मिलकर संकल्प लें कि न तो स्वयं गंदगी करेंगे और न ही किसी को करने देंगे।

15 और 16 मार्च को पानी सप्लाई रहेगी बाधित
नगर पालिक निगम के 32 एमएलडी जल उपचार संयंत्र में आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते 15 मार्च की शाम और 16 मार्च की सुबह जल आपूर्ति बाधित रहेगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 15 मार्च की सुबह मिलने वाले पानी का संग्रह कर लें।

16 मार्च को इन वार्डों में चलेगा अभियान

स्वच्छता महाअभियान के तहत 16 मार्च को वार्ड क्रमांक 41 पाड़ीमार क्रमांक-02 और वार्ड क्रमांक 56 शक्तिनगर क्रमांक-01 की बस्तियों, कॉलोनियों और मुख्य सड़कों में विशेष मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाकर व्यापक सफाई कार्य किए जाएंगे।