तहसील कार्यालय में लगी भीषण आग, आनन-फानन में रिकार्ड रूप कराया गया खाली, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

A massive fire broke out in the Tehsil office, records were emptied in a hurry, and the fire was brought under control after a lot of effort.

बलौदाबाजार 6 मार्च 2026। बलौदाबाजार जिला मुख्यालय स्थित तहसील कार्यालय में आज भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि तड़के आग लगने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। मौके पर तुरंत प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। आग फैलता उससे पहले ही रिकार्ड रूम को खाली करा लिया गया। जिससे सभी रिकार्ड सुरक्षित बताये जा रहे है। वहीं तहसील कार्यालय के फर्नीचर जलकर खाक हो गये। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के मुताबिक ये घटना आज सुबह 5 से 5ः30 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि आग एसडीओपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग से शुरू हुई, जो कि तहसीलदार कार्यालय और रिकॉर्ड रूम तक फैल गई। सुबह के वक्त जब स्थानीय लोगों ने तहसील कार्यालय में आग देखी तो तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने रिकॉर्ड रूम को खाली कराने का निर्देश दिया।

जिसके बाद आनन फानन में कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग बुझाने के लिए नगर पालिका के दमकल विभाग के साथ-साथ आसपास के संयंत्रों से भी दमकल वाहन मौके पर बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इतनी देर में कार्यालय का काफी फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका था।

आग कैसे लगी ये जांच का विषय

एसडीएम प्रकाश कोरी ने बताया कि तहसील कार्यालय में सुबह साढ़े पांच बजे आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने पुष्टि की कि प्रशासन की तत्परता से रिकॉर्ड रूम को तुरंत खाली करा लिया गया। जिससे सभी महत्वपूर्ण और दस्तावेज, राजस्व अभिलेख पूरी तरह सुरक्षित हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं आग कैसे लगी, इसका अभी तक खुलासा नही हो सका है। पुलिस की टीम इस घटना की जांच कर रही है।