धमतरी, 28 फरवरी 2026 जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना रूद्री पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 34 पौवा देशी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,960 रुपये बताई गई है। आरोपी को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ और अन्य अवैधानिक गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना रूद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति रूद्री चौक स्थित योगेश ऑटो सेंटर के पास अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध अवस्था में खड़े एक व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम अशोक दास मानिकपुरी, पिता साहिल दास, उम्र 40 वर्ष, निवासी आनंद पारा, रूद्री, जिला धमतरी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से बिना वैध दस्तावेज के 34 पौवा देशी शराब बरामद हुई, जिसमें 22 पौवा देशी प्लेन शराब और 12 पौवा देशी मसाला शराब शामिल है। जब्त शराब की कुल कीमत 2,960 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रूद्री में अपराध क्रमांक 11/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







