श्री सप्तदेव मंदिर में श्री श्याम जी का फागुन उत्सव 28 फरवरी को मनाया जाएगा

The Phagun festival of Shri Shyam Ji will be celebrated on 28th February at Shri Saptdev Temple.

कोरबा 23 फरवरी 2026/नगर के हृदय स्थल मेन रोड स्थित श्री सप्तदेव मंदिर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी “श्री श्याम जी की बारस फाल्गुन महोत्सव” 28 फरवरी 2026, दिन शनिवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। फाल्गुन मास की बारस तिथि पर आयोजित यह महोत्सव मंदिर के प्रमुख वार्षिक उत्सवों में से एक है, जिसकी तैयारियां मंदिर प्रांगण में जोर-शोर से प्रारंभ हो चुकी हैं।

मंदिर समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, श्री श्याम जी की फाल्गुन बारस का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। इस पावन अवसर पर श्री श्याम परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा, रंग-बिरंगी विद्युत झालरों एवं पारंपरिक अलंकरण से सुसज्जित किया जाएगा। श्री श्याम जी का अलौकिक एवं मनमोहक श्रृंगार भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

इस वर्ष महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में राजकुमारी गुप्ता एंड पार्टी, रायपुर द्वारा श्री श्याम जी का संगीतमय अखण्ड ज्योतपाठ एवं भव्य भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी। यह संगीतमय कार्यक्रम दोपहर 2:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति अपेक्षित है।

संगीतमय कार्यक्रम के उपरांत श्री श्याम जी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा, भक्तिमय धमाल का आयोजन होगा तथा भव्य महाआरती संपन्न की जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालु श्याम बाबा के साथ फूलों की होली खेलकर फागुन उत्सव की आनंदमयी अनुभूति प्राप्त करेंगे।

मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव हेतु पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। जो भी श्रद्धालु इस दिव्य आयोजन में सहभागी बनना चाहते हैं, वे शीघ्र अपना पंजीयन सुनिश्चित करें, ताकि व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से की जा सकें। उन्होंने समस्त भक्तजनों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं तथा श्री श्याम जी का आशीर्वाद प्राप्त करें।