राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी लोकतंत्र पर हमला – आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

Death threat to Rahul Gandhi is an attack on democracy – Demand for immediate arrest of the accused

रायपुर 20 फरवरी2026/ छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस की प्रदेश महासचिव एवं महिला नेत्री रूबी तिवारी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को मिली जान से मारने की धमकी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की धमकी न केवल एक जनप्रतिनिधि के खिलाफ अपराध है, बल्कि भारतीय लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना पर सीधा हमला है।

रूबी तिवारी ने अपने बयान में कहा कि जिस तरह खुलेआम हिंसा की भाषा का उपयोग किया जा रहा है, वह बेहद चिंताजनक है। राजनीतिक मतभेद लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, लेकिन किसी भी नेता को गोली मारने या जान से खत्म करने जैसी धमकी देना घोर आपराधिक कृत्य है। ऐसे बयान समाज में नफरत और अस्थिरता फैलाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश में नफरत की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो असामाजिक तत्वों के हौसले और बुलंद होंगे।

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस ने इस मामले में दोषी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उसे अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही राहुल गांधी सहित सभी जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

रूबी तिवारी ने स्पष्ट किया कि युवा कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की राजनीतिक हिंसा या धमकी को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई कर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।