मुंगेली, 18 फरवरी । मुंगेली में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” और विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ब्राउन शुगर, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल समेत करीब 2 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बी.आर. साव स्कूल मैदान क्षेत्र में कुछ लोग ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अजय देवांगन, कृष्ण कमल डाहिरे और कोमल यादव बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से 11 पैकेट में कुल 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 65 हजार रुपये आंकी गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह मादक पदार्थ किशोर ध्रुव और अमित साहू के कहने पर खरीदा था, जिन्होंने फोन-पे के माध्यम से रकम ट्रांसफर की थी।
इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों किशोर ध्रुव और अमित साहू को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने बिक्री के उद्देश्य से ब्राउन शुगर मंगाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जप्त सामग्री में 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर, 5 मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल (सीजी 09 जेएफ 5822) शामिल है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशा या मादक पदार्थ की तस्करी संबंधी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस से साझा करें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।







