सरस्वती शिशु मंदिर दर्री में मातृ-पितृ पूजन दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न

Mother-Father Worship Day celebrated with enthusiasm in Saraswati Shishu Mandir Darri

14 फरवरी को विद्यार्थियों ने मंत्रोच्चार के साथ किया माता-पिता का पूजन

कोरबा 14 फरवरी 2026/ भारतीय संस्कृति में माता-पिता को सदैव सर्वोच्च स्थान प्राप्त रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 14 फरवरी को सरस्वती शिशु मंदिर एच.टी.पी.पी. दर्री में मातृ-पितृ पूजन दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सुषमा बारस्कर ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, ओम् तथा भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर कक्षा अरुण उदय से पंचम तक के भैया-बहनों ने अपने अभिभावकों के साथ सहभागिता की। मंत्रोच्चार के बीच विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का विधिवत पूजन, तिलक और आरती कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मुंह मीठा कराया। इस भावपूर्ण क्षण में कई अभिभावकों की आंखें नम हो उठीं।

अभिभावक श्री कमलेश वैष्णव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जहां पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव में वेलेंटाइन डे मनाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, वहीं भारतीय संस्कृति के संरक्षण हेतु इस प्रकार का आयोजन अत्यंत सराहनीय है।

प्राचार्या श्रीमती सुषमा बारस्कर ने अपने उद्बोधन में सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में बच्चे और अभिभावक अपना अधिकांश समय मोबाइल पर व्यतीत करते हैं, जबकि उन्हें एक-दूसरे के साथ अधिक समय बिताना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन आचार्य श्री विनोद कुमार गुप्ता ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रभारी आचार्या श्रीमती सरिता भारिया, समस्त आचार्यगण, अभिभावक बंधु-भगिनी तथा विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा।