5 फीट का नाग:फन फैलाकर रास्ते के बीच बैठा, स्नैक कैचर ने किया रेस्क्यू

5-foot snake: Sitting in the middle of the road with its hood spread, snake catcher rescued it

कोरबा,13 फरवरी 2026/कोरबा के रामपुर क्षेत्र स्थित राजस्व कॉलोनी में एक 5 फीट लंबा भारतीय नाग फन फैलाकर रास्ते के बीच बैठा मिला। घर के बाहर खड़ी महिलाओं की नजर पड़ने पर उन्होंने स्थानीय युवक मनीष मैत्री को सूचना दी, जिन्होंने वन्य जीव प्रेमी जितेंद्र सारथी को बुलाया।सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम कुछ ही मिनटों में राजस्व कॉलोनी पहुंच गई। टीम ने फन फैलाए बैठे नाग को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली।

वन्य जीव प्रेमी जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की है कि सांपों के निकलने का सिलसिला शुरू हो गया है, इसलिए सावधान रहें। उन्होंने कहा कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं, बल्कि उससे दूरी बनाकर रखें। सारथी ने रेस्क्यू के लिए हेल्पलाइन नंबर 8817534455 पर सूचना देने की सलाह दी, ताकि समय पर रेस्क्यू टीम पहुंच सके और इंसान व सांप दोनों की जान बचाई जा सके। जितेंद्र सारथी ने सांप के काटने की स्थिति में तत्काल पीड़ित को अस्पताल ले जाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कई बार लोग झाड़-फूंक के चक्कर में पड़कर कीमती समय गंवा देते हैं, जिससे पीड़ित की जान चली जाती है। समय पर इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है। इसे लेकर जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।