उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में भीषण आग, पहाड़ियों तक पहुंची लपटें

Massive fire in Udanti-Sitanadi Tiger Reserve, flames reach hills

धमतरी,12 फरवरी2026। जिले के उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के सीतानदी रेंज में भीषण आग लगने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घठुला से बोरई अंगिरा ऋषि पहाड़ी क्षेत्र तक पहुंच गई। फायर सीजन से पहले लगी इस आग ने विभाग की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

बताया जा रहा है कि मुख्य मार्ग के आसपास अचानक आग भड़क उठी और तेज हवाओं के कारण लपटें पहाड़ी इलाकों की ओर बढ़ने लगीं। क्षेत्र में घना धुआं फैल गया, जिससे हालात गंभीर हो गए। सूचना मिलते ही सीतानदी रेंज के फॉरेस्ट गार्ड शिवा शुक्ला वन चौकीदारों और फील्ड स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास शुरू कर दिए।

सूखी घास और जंगल में गिरे पत्तों की अधिकता के कारण आग तेजी से फैलती रही, जिससे राहत कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। प्रारंभिक अनुमान है कि पास के खेत में लगाई गई आग जंगल तक पहुंच गई। फिलहाल वन अमला आग पर नियंत्रण पाने और नुकसान का आकलन करने में जुटा है।