तंत्र-मंत्र से रकम बढ़ाने का झांसा देकर 3.50 लाख की ठगी,

3.50 lakhs were duped by promising to increase money through tantra-mantra.

रायपुर ,10 फरवरी 2026। थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के जरिए रुपये 100 गुना करने का झांसा देकर 3 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रार्थी रूस्तम कुर्रे निवासी साहूपारा गुढ़ियारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुपेला भिलाई निवासी राहुल भारती ने उसे एक तांत्रिक मयंक दास से मिलवाया, जो तंत्र विद्या से रुपये बढ़ाने का दावा करता था।

आरोपियों ने कार्यालय में पूजा-पाठ के बहाने प्रार्थी से नकद राशि ली और नकली नोटों का झोला देकर फरार हो गए। संदेह होने पर झोला खोलने पर ठगी का खुलासा हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने राहुल भारती और मयंक दास को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से 3.50 लाख रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन सहित कुल 4.20 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है। दोनों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।