जांजगीर 7 फरवरी 2026। जांजगीर पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने विद्युत विभाग की नाक में दम कर रखा था। इस गिरोह ने क्षेत्र के बिजली ट्रांसफार्मर समेत काॅपर और एल्युमिनियम वायर की बड़े पैमाने पर चोरी कर खपाया जा रहा था। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई गिरोह के सरगना समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से करीब 17 लाख 30 हजार रूपये का चोरी का माल बरामद कर जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ट्रांसफार्मरों से लगातार कॉपर की चोरी होने के साथ ही एल्युमिनियम वायर की चोरी हो रही थी। 13-14 जनवरी की दरम्यानी भी इसी तरह की वारदात सामने आया। जब दुरपा रोड के पास लगे पुराने ट्रांसफार्मर से करीब 230 किलो कॉपर वायर की चोरी कर ली गयी। इसकी रिपोर्ट सीएसपीडीसीएल के कनिष्ठ यंत्री मनोज कुमार सोनी ने थाने में दर्ज कराई थी।
इसके बाद 22 जनवरी को लोहर्सी के पास ट्रांसफार्मर से 200 किलो कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई। लगातार ट्रांसफार्मर से काॅपर वायर चोरी होने की शिकायत को एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने गंभीरता से लिया। और उन्होने पुलिस की विशेष टीम गठित कर गिरोह का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो ट्रांसफार्मर से काॅपर वायर चोरी गिरोह के पीछे अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी गिरोह की अहम भूमिका सामने आयी। लिहाजा पुलिस ने गिरोह के सरगना अमर बाबू को पकड़ने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापामार की गयी।
पुलिस की इस कार्रवााई में अमर बाबू समेते गिरोह के 6 सदस्यों संतोष भास्कर, विरेन्द्र सुमन, राज आर्यन वानी उर्फ छोटू, अमन रात्रे और राज आर्यन उर्फ रोहित वानी को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी बिलासपुर जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कॉपर-एल्युमिनियम वायर, ट्रांसफार्मर पार्ट्स, लोहे का एंगल, 4 मोबाइल, छोटा हाथी वाहन, एम्बुलेंस के रूप में इस्तेमाल हो रही बोलेरो और कटर मशीन, ब्लेड, पाना-पेचिस बरामद कर जब्त किया है।
चोरी का माल पार करने बोलेरो को बना दिया एम्बुलेंस
पुलिस ने खुलासा किया कि इस शातिर गिरोह ने पुलिस और आम जनता की आंख में धूल झोंकने के लिए एम्बुलेंस लिखी बोलेरो का उपयोग किया जाता था। इसके लिए बकायदा आरोपियों ने बोलेरो जीप पर एम्बुलेस लिखने के साथ ही नीली बत्ती और हुटर लगा रखा था, ताकि किसी को भी उन पर शक ना हो। आरोपियों ने खुलासा किया कि ट्रांसफार्मर से कीमती काॅपर वायर की चोरी के बाद माॅल को खपाने के लिए एम्बुलेंस लिखे बोलेरो का उपयोग किया जाता था। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने थाना मुलमुला और अकलतरा क्षेत्र सहित अन्य कई गांवों में एल्युमिनियम केबल चोरी की वारदातें कबूल की हैं। बलौदाबाजार और बिलासपुर जिले में भी पूर्व में घटनाएं अंजाम देना स्वीकार किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह की 10 से अधिक वारदातों में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं इस गिरोह के फरार अन्य साथियों की तलाश जारी है।







