पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज का कोरबा प्रवास, समस्त राजपत्रित एवं थाना चौकी प्रभारियों की ली गई मीटिंग

Inspector General of Police Bilaspur Range visited Korba, held a meeting with all gazetted officers and police station in-charges.

बीट सिस्टम को सुदृढ़ करने, एवं जनता की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर के द्वारा “सशक्त मोबाइल ऐप” को कोरबा ज़िले में भी किया गया लागू

कोरबा 2 फरवरी 2026/ पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के द्वारा कोरबा प्रवास के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा के सभाकक्ष में मीटिंग का आयोजन किया गया।

उक्त क्राइम मीटिंग में पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री लखन पटले , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा श्री नीतिश ठाकुर, जिले के तीनों अनुभागों के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस तथा समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों की उपस्थिति रही।

क्राइम मीटिंग के दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने—

▪️बीट सिस्टम को सुचारू एवं प्रभावी रूप से संचालित करने
▪️आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने
▪️चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में घटना के दिन ही FIR दर्ज करने

▪️संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित विवेचना करने
▪️थाना प्रभारी द्वारा स्वयं शिकायत सुनकर FIR दर्ज करने साथ ही संगठित गिरोह द्वारा किये जाने अपराध में संगठित अपराध की धारा जोड़ने

सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

क्राइम मीटिंग के पश्चात पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग द्वारा “सशक्त मोबाइल ऐप” का विमोचन किया गया। उक्त मोबाइल ऐप पुलिस प्रशासन द्वारा चोरी गए वाहनों की पतासाजी हेतु संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सशक्त मोबाइल ऐप को जिले के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को उपयोग हेतु उपलब्ध कराया गया है। इस ऐप के माध्यम से लावारिस खड़ी मोटरसाइकिलों एवं वाहनों की जानकारी आसानी से सर्च की जा सकती है, जिससे चोरी गए वाहनों की पहचान एवं बरामदगी में सहायता मिलेगी।

पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सशक्त मोबाइल ऐप का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें।

कोरबा पुलिस द्वारा पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने हेतु भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे।