नाबालिग से दरिंदगी, 6 आरोपियों ने पीड़िता के साथ किया गैंगरेप, 60 वर्षीय बुजुर्ग समेत दो गिरफ्तार

A minor was brutalized for seven years in Durg; six accused gang-raped the victim; two, including a 60-year-old man, were arrested.

दुर्ग 31 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग पीड़िता के साथ करीब सात वर्षों तक दरिंदगी कर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने इस वारदात में शामिल 60 वर्षीय बुजुर्ग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक गैंगरेप की इस घटना पर महिला थाने में अपराध दर्ज किया गया है। एएसपी मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 30 जनवरी 2026 को पीड़िता अपनी मां के साथ महिला थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच, पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद 6 आरोपियों ने अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं को अंजाम दिया। घटना से डरी-सहमी नाबालिग ने जब आपबीती अपने परिजनों को बताई, तो उनके होश उड़ गये।

इसके बाद पीड़िता ने अपनी मां के साथ महिला थाने पहुंचकर इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पाक्सो अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। विवेचना के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें दुर्गा नगर पश्चिम भिलाई निवासी विजय स्वाइन (37), और खुर्सीपार निवासी जोन-1 निवासी अनिल चौधरी (60) शामिल हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शेष आरोपियोंके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जांच के दायरे में डिजिटल साक्ष्य, चिकित्सकीय परीक्षण और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। दुर्ग में घटित इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर नाबालिगों की सुरक्षा पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। ऐसे में नाबालिग लड़कियों के साथ होने वाले अपराध पर अंकुश लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।