सरस्वती शिशु मंदिर दर्री में हर्षोल्लास से मनाया गया बसंत पंचमी उत्सव

Basant Panchami festival was celebrated with great enthusiasm in Saraswati Shishu Mandir Darri.

सरस्वती पूजन के साथ 40 नन्हे बच्चों का मंत्रोच्चार के बीच हुआ विद्यारंभ संस्कार

कोरबा 24 जनवरी2026/सरस्वती शिशु मंदिर एचटीपीपी दर्री में शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ सरस्वती पूजन एवं विद्यारंभ संस्कार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्यारंभ संस्कार संपन्न कराया गया।

विद्यारंभ संस्कार सोलह संस्कारों में एक महत्वपूर्ण संस्कार माना जाता है, जो बालकों के ज्ञानार्जन और संस्कारमय जीवन की शुरुआत का प्रतीक है। मां सरस्वती के विधिवत पूजन के उपरांत कुल 40 बच्चों का विद्यारंभ कराया गया।

पूजन कार्यक्रम आचार्य श्री गणपत शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। मुख्य यजमान के रूप में हसदेव शिक्षण समिति के अध्यक्ष श्री धनंजय सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में व्यवस्थापक श्री भीष्मदेव सिंह, कोषाध्यक्ष श्री मेहुल फड़तड़े, जिला समन्वयक श्री दीपक सोनी, जिला प्रतिनिधि श्री अर्जुन सिंह पटेल, पूर्व अध्यक्ष श्री बद्री प्रसाद स्वर्णकार, पूर्व व्याख्याता श्री चंदूलाल राठौर, पूर्व छात्र श्री राजू सोनी, श्री आशीष अग्रवाल सहित अभिभावक बंधु-भगिनी मौजूद रहे।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर सहित कक्षा प्रथम से द्वादश तक के समस्त आचार्य एवं भैया-बहन कार्यक्रम में सहभागी बने। विद्यारंभ के दौरान नन्हे बच्चों ने अपनी माताओं के साथ हवन किया। विद्यालय की ओर से सभी बच्चों को कापी, पेंसिल और रबर प्रदान की गई, जिनमें बच्चों ने माताओं की सहायता से सरस्वती मंत्र लिखकर शिक्षा जीवन का शुभारंभ किया।