22 जनवरी 2026/सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्रगति नगर, एनटीपीसी कोरबा (छत्तीसगढ़) में पूर्व छात्र सम्मेलन “अभ्युदय” का वृहद एवं गरिमामय आयोजन विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर वर्ष 1987 से 2014 तक के विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ढोल-नगाड़ों की मंगल ध्वनि, चंदन-तिलक एवं पुष्पमालाओं से अतिथियों के आत्मीय एवं भव्य स्वागत के साथ हुआ। मंच पर विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार राठौर, उपाध्यक्ष भरत राम साहू, कोषाध्यक्ष यशवंत सिंह ठाकुर, विद्यालय के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण जायसवाल, पूर्व छात्र परिषद के संरक्षक शंकर लाल महेश्वरी एवं शैलेंद्र यादव, परिषद के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, साथ ही विद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र गुंजन शुक्ला (मुख्य वाष्प यंत्र निरीक्षक, छत्तीसगढ़), भूपेंद्र कुमार साहू (डिप्टी कलेक्टर) एवं अनिल कुमार विश्वकर्मा (ए.एस.पी.) मंचासीन रहे।
कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत सभी अतिथियों द्वारा मां भारती एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। तत्पश्चात आचार्य मुरारी लाल साहू एवं विद्यालय की बहनों द्वारा भावपूर्ण सरस्वती वंदना का गायन प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत विद्यालय की छात्राओं ने मनोहारी सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर समस्त वातावरण को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन विद्यालय के विशिष्ट आचार्य दुर्गा प्रसाद नामदेव एवं पूर्व छात्र परिषद के सचिव हर्षवर्धन गुप्ता द्वारा किया गया। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ देश के अनेक राज्यों से आए पूर्व छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की, जिससे आयोजन की व्यापकता और गरिमा और भी बढ़ गई।
इस अवसर पर विद्यालय के अनेक पूर्व शिक्षकगणों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें पूर्व प्राचार्य श्याम लाल चंद्रा, तोषण गुप्ता, शांतिलाल राठौर, श्रीमती चेतना जोशी, श्रीमती सविता गुप्ता, शांतनु गुप्ता, मंगतु राम वर्मा, प्रदीप कुमार साहू, अर्जुन सिंह पटेल, संतोष कुमार थवाईत, मुनीराम साहू सहित अन्य आचार्यगण सम्मिलित थे। पूर्व छात्रों द्वारा सभी गुरुजनों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर श्रद्धापूर्वक सम्मान किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य जायसवाल ने मंचासीन अतिथियों का परिचय कराते हुए पूर्व छात्र सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। सर्वेश्वर शिक्षण समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार राठौर ने अपने उद्बोधन में बताया कि विद्यालय के नवीन भवन का निर्माण कार्य शीघ्र ही इसी परिसर में प्रारंभ होने जा रहा है तथा उन्होंने सभी पूर्व छात्रों से इस पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान अनेक पूर्व छात्रों ने मंच से अपने विद्यालयीन अनुभव साझा किए। विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित वॉलीबॉल मैत्री मैच ने सभी को पुरानी यादों में लौटा दिया। विविध व्यंजनों का आनंद लेते हुए छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण अपने स्वर्णिम विद्यालय जीवन को स्मरण कर भावविभोर हो उठे।
विद्यालय भ्रमण के दौरान सभी पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने प्रिय शिक्षास्थल की स्मृतियों को कैमरे और हृदय—दोनों में सहेज लिया तथा ऐसे आयोजनों के नियमित आयोजन की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व छात्र परिषद के संयोजक आचार्य अशोक कुमार चंद्रवंशी का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम की सफलता हेतु परिषद के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल एवं सचिव हर्षवर्धन गुप्ता का विशेष सम्मान किया गया।








