बस्तर 3 जनवरी 2026। बस्तर रेंज में नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबल के जवानों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर और सुकमा जिले में चलाए गए सघन सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने14 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गये सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिये गये हैं। इन नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में एके-47, आईएनएसएएस और एसएलआर राइफल जैसे अत्याधुनिक हथियार भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक बीजापुर और सुकमा जिलों के दक्षिणी इलाकों में सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। जिसके बाद सुरक्षा बलों ने सर्च आपरेशन शुरू की। अभियान के तहत दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डीआरजी की विशेष टीमों को रवाना किया गया था। ऑपरेशन के दौरान बीजापुर जिले में सुबह लगभग 5 बजे से डीआरजी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी रही। वहीं सुकमा जिले में भी सुबह 8 बजे से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग चल रही है।

इस लगातार जारी मुठभेड़ों के बीच, जवानों ने अब तक कुल 14 नक्सलियों को मार गिराया है। सर्चिंग के दौरान जवानों ने सभी 14 नक्सलियोें के शव बरामद किए हैं। इनमें बीजापुर जिले से 2 और सुकमा जिले से 12 माओवादी शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने इन नक्सलियों के पास से एके-47, आईएनएसएएस और एसएलआर राइफल सहित कई अन्य हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि सुकमा में मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या और भी बढ़ सकती है। दोनों तरफ से रुक-रुककर फायरिंग अभी भी जारी है।
कार्रवाई को नक्सली गतिविधियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। सूत्रों से खबर है कि मारे गए नक्सलियों में कई ऐसे भी शामिल हैं, जो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव की हत्या में संलिप्त थे। इस पूरे ऑपरेशन की कमान सुकमा एसपी किरण चव्हाण खुद संभाल रहे थे। सूत्रों के अनुसार इस मुठभेड़ में नक्सली कमांडर मंगडु के भी मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नही की गयी है। मारे गए नक्सलियों में कोन्टा एरिया कमेटी के एसीएम हितेश भी शामिल हैं।








