गैर इरादतन हत्या के मामले में कलिंगा यूनिवर्सिटी के तीन विदेशी छात्र गिरफ्तार

Three foreign students of Kalinga University arrested for culpable homicide

महिला मित्र से बदसलूकी के आरोप में विवाद, जान बचाने को छत से कूदा छात्र, इलाज के दौरान मौत

रायपुर,27 दिसंबर 2025 । नवा रायपुर स्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी के एक विदेशी छात्र की मौत के मामले में मंदिर हसौद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत तीन विदेशी नागरिक छात्रों को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 22 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7.10 बजे थाना मंदिर हसौद क्षेत्र अंतर्गत नवा रायपुर सेक्टर-16 स्थित ईडब्ल्यूएस 30/06 बिल्डिंग में रहने वाले कलिंगा यूनिवर्सिटी के छात्र सैमपुर जुदे (विदेशी नागरिक) की बिल्डिंग से गिरने के कारण मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में पहले मर्ग कायम कर जांच की जा रही थी।

जांच में सामने आया कि मृतक सैमपुर जुदे बिल्डिंग के पास अपने एक साथी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान कलिंगा यूनिवर्सिटी के छात्र नोउई कुर माजाक, सबरी पालीनो उर्फ टोनी एवं मोहम्मद खलफल्ला ओमर हसन वहां पहुंचे और मृतक पर अपने एक महिला साथी के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए उससे वाद-विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर तीनों ने मृतक से मारपीट करने की कोशिश की।

मारपीट के डर से भयभीत होकर सैमपुर जुदे अपनी जान बचाने के लिए किराये के मकान की सीढ़ियों से होते हुए छत की ओर भागा, लेकिन तीनों आरोपी उसका पीछा करते हुए छत तक पहुंच गए। खुद को घिरा देख मृतक ने छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे कांक्रीट रोड पर गिरने से उसके सिर, मुंह एवं दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं।

घायल अवस्था में उसके साथियों द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर हसौद पुलिस ने साक्ष्य संकलन कर तीनों आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 662/25, धारा 105 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

गिरफ्तार आरोपी—

  1. नोउई कुर माजाक, पिता कुर माजाक, उम्र 23 वर्ष
    वर्तमान पता – सेक्टर 16, ब्लॉक 31, मकान नंबर 205, नवा रायपुर
    स्थायी पता – मुनकी 107, जुबा, दक्षिण सूडान
  2. सबरी पालीनो उर्फ टोनी, पिता पालीनो लुकुडू, उम्र 22 वर्ष
    वर्तमान पता – एचआईजी 02/23, सेक्टर 29, थाना राखी, रायपुर
    स्थायी पता – जुबा सिटी, दक्षिण सूडान
  3. मोहम्मद खलफल्ला ओमर हसन, पिता ओमर हसन, उम्र 22 वर्ष
    वर्तमान पता – सेक्टर 29, ब्लॉक 31, मकान नंबर 205, नवा रायपुर
    स्थायी पता – डीबी 383, दक्षिण सूडान