बेमेतरा पुलिस की ‘उड़ान’ पहल से 15 युवाओं को आरक्षक भर्ती में मिली सफलता

15 youths got success in constable recruitment due to Bemetara police's 'Udaan' initiative

बेमेतरा, 21 दिसंबर 2025।बेमेतरा पुलिस की अभिनव पहल ‘उड़ान’ एक बार फिर जिले के युवाओं के लिए उम्मीद की उड़ान साबित हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संचालित इस निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जिले के 15 युवा-युवतियों ने छत्तीसगढ़ जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग 2023-24 भर्ती में सफलता हासिल की है।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में 20 दिसंबर 2025 को रक्षित केन्द्र बेमेतरा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो सहित शारीरिक एवं लिखित परीक्षा की तैयारी कराने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा सम्मानित किया गया तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

उल्लेखनीय है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी कौशिल्या साहू एवं डीएसपी राजेश कुमार झा के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल के अंतर्गत जिले के 80 युवा-युवतियों ने पूरी लगन और मेहनत से प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें से 05 युवतियों और 10 युवकों ने सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। सफल अभ्यर्थियों में हेमंत (ग्राम बिलाई), ओमप्रकाश (घठोली), सोमदेव वर्मा (अमोरा), विकास यदु (बहेरा), ललित ध्रुव (करमन), खिलेश्वर साहू (नवागांव-खुडमुडी), त्रिवेणी यादव (नवलपुर), रूखमणी साहू (मोहरेंगा), सीमा मिर्चे (पेण्ड्री), रामदयाल चक्रधारी एवं ओमकार चक्रधारी (संवरी), लक्ष्मी निर्मलकर (करचुवा), शिवा मंडावी (कुरदा) सहित अन्य युवा शामिल हैं।

बेमेतरा पुलिस द्वारा युवाओं को पुलिस भर्ती एवं भारतीय सैन्य बलों में अग्निवीर भर्ती के लिए शारीरिक और बौद्धिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में यह पहल जनवरी 2024 से शुरू की गई थी। इसके अंतर्गत इच्छुक और योग्य अभ्यर्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 10 बजे तक चार घंटे का होता था, जिसमें दौड़, लंबी कूद, शॉटपुट जैसी शारीरिक दक्षता परीक्षाओं की तकनीकी तैयारी के साथ-साथ लिखित परीक्षा की समुचित तैयारी कराई गई। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर मोटिवेशन क्लास भी ली गई, जिससे अभ्यर्थियों का आत्मविश्वास बढ़ा।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो के साथ आरक्षक तारण दास घितोडे, पारसमणी साहू, रेखन साहू, चंद्रेश साहू, पीलाराम साहू, सुरेन्द्र भारती, जय कुमार गुप्ता, मिथुन चंद्रवंशी, श्रवण चंद्राकर, महिला आरक्षक निकिता वैष्णव सहित अन्य स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

बेमेतरा पुलिस की यह पहल आज परिणामों के रूप में सामने आ रही है, जहां जिले के युवा पुलिस बल एवं अग्निवीर सेना में चयनित होकर न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।