जिले में 16 दिसंबर तक किसानों से 54605.40 मिट्रिक टन धान की हुई खरीदी,

Till December 16, 54605.40 metric tonnes of paddy was purchased from farmers in the district.

अधिया/रेगहा, वनाधिकार पट्टाधारी व डूबान क्षेत्र के किसानों को धान विक्रय हेतु  एग्रीस्टेक पोर्टल पर विशेष छूट

किसानों के लिए तुंहर टोकन की व्यवस्था को 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन किया गया प्रारंभ

कोरबा 17 दिसम्बर 2025/छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ वर्ष 2025-26 में जिले के 65 धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों से धान की खरीदी की जा रही है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी होने से किसानों में हर्ष व्याप्त है। धान खरीदी केंद्रों में जिला प्रशासन द्वारा किसानों की उपज खरीदी के लिए ऑनलाइन टोकन वितरण, बारदाने की उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से तौलाई, शीघ्रता से भुगतान आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। जिले में 52 हजार से अधिक किसान धान विक्रय के लिए पंजीकृत है। जिले में 16 दिसम्बर तक 54605.40 मिट्रिक टन गुणवत्तायुक्त धान पंजीकृत किसानों से खरीदी की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा समितियों से धान का उठाव भी शीघ्रता से कराया जा रहा है। कोरबा जिले में अब तक 25793.20 मिट्रिक टन धान का उठाव हो चुका है। वर्तमान में समिति में 28812.20 मिट्रिक टन धान उठाव के लिए शेष है। जिसका आने वाले समय मे तेजी से उठाव पूर्ण कर लिया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा हाथी प्रभावित क्षेत्रों एवं संवदेनशील धान खरीदी केन्द्रो से प्राथमिकता से धान का उठाव किया जा रहा है। जिससे किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो। साथ ही किसानो की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संग्रहण केन्द्रों की व्यवस्था एवं समितियां में धान की स्टैकिंग कराकर स्थान बनाया गया है।
राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए तुंहर टोकन की व्यवस्था को 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन प्रारंभ किया गया है। अब किसान किसी भी समय ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही किसान पंजीयन की तिथि में वृद्धि की गई है तथा एग्रीस्टेक पोर्टल पर अधिया/रेगहा, वनाधिकार पट्टाधारी एवं डूबान क्षेत्र के किसानों को विशेष छूट प्रदान की गई है। इन जनहितकारी निर्णयों से किसानों में राज्य सरकार के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।