रायगढ़ में राजस्व जंगल से दो ग्रामीणों की लाश मिलने से सनसनी, शिकार के दौरान करंट लगने की आशंका

The discovery of the bodies of two villagers from a revenue forest in Raigarh has caused a sensation; they were suspected to have been electrocuted while hunting.

रायगढ़, 13 दिसंबर 2025। जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत संबलपुरी के समीप राजस्व जंगल में दो ग्रामीणों की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान पुनीलाल यादव उर्फ मंत्री यादव (51 वर्ष) और संदीप उरांव (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम छोटे रेगड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 दिसंबर की सुबह करीब 4 बजे सात ग्रामीण शिकार के लिए जंगल गए थे। शाम तक सभी लोग घर लौट आए, लेकिन पुनीलाल यादव और संदीप उरांव वापस नहीं पहुंचे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन की खोजबीन के बाद 12 दिसंबर की शाम परिजनों ने चक्रधर नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके अगले दिन 13 दिसंबर की सुबह सूचना मिली कि संबलपुरी नाला के पास जंगल में दोनों के शव पड़े हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दोनों शव झाड़ियों के बीच पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में एक मृतक के हाथ में जलने के निशान पाए गए हैं, जिससे करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

ग्राम बेरला के कोटवार सौकीलाल सारथी ने आरोप लगाया है कि शिकार पर गए सात लोगों में से सभी सुरक्षित लौट आए थे, लेकिन पुनीलाल और संदीप के बारे में किसी ने ग्रामीणों को जानकारी नहीं दी। उनका आरोप है कि करंट लगने से दोनों की मौत हुई और साथियों ने खुद को बचाने के लिए शवों को जंगल में छिपा दिया।

मृतक पुनीलाल यादव की पत्नी गंगा यादव ने बताया कि 9 दिसंबर की शाम से ही पति की तलाश कर रहे थे। उन्हें किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, फिर भी अनहोनी की आशंका मन में बनी हुई थी। चार दिनों से परिजन लगातार खोजबीन कर रहे थे।

चक्रधर नगर थाना प्रभारी जी.एल. साहू ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर तलाश की जा रही थी। अब संबलपुरी नाला के पास दोनों शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई है। मामले में संदेह के आधार पर छोटे रेगड़ा निवासी राजू उरांव, विकास, जय किशन और रमेश (45 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि एक अन्य संदिग्ध आकाश की तलाश जारी है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।