एक साल से फरार चल रहा नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी नागपुर से गिरफ्तार, अकलतरा पुलिस की बड़ी सफलता

The accused of molesting a minor, who was absconding for a year, was arrested from Nagpur, a major success for the Akaltara police.

जांजगीर-चांपा, 09 दिसंबर 2025। थाना अकलतरा पुलिस ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में एक वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे आरोपी को नागपुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी मुस्लिम शेख (उम्र 19 वर्ष), निवासी टाटरी, पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) है। आरोपी के विरुद्ध धारा 354, 509, 509(ख) भादवि तथा पाक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत कार्रवाई करते हुए आज मंगलवार को उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामला 28 मार्च 2024 का है, जब नाबालिग पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसकी बेइज्जती करने की नीयत से छेड़छाड़ की और इंस्टाग्राम के माध्यम से आपत्तिजनक संदेश भेजे। शिकायत पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 168/2024 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी पुलिस द्वारा लगातार तलाश की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में अकलतरा पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। टेक्निकल सर्विलांस और साइबर टीम की सहायता से पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी महाराष्ट्र में छिपा है। इसके बाद थाना अकलतरा से एक विशेष टीम गठित कर नागपुर भेजा गया। टीम ने आरोपी मुस्लिम शेख को वहां से गिरफ्तार किया और आवश्यक पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, म.प्र.आर. स्वाती गिरोलकर और आरक्षक राजा रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।

अकलतरा पुलिस की इस सफलता से पीड़िता को न्याय मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है तथा फरार आरोपियों के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्रवाई का संदेश भी स्पष्ट हुआ है।