कोरबा में डबल मर्डर-सुसाइड की सनसनीखेज : नशे में धुत पति ने पत्नी की हत्या के बाद की आत्महत्या

Sensational double murder-suicide in Korba: Drunk husband kills wife and then commits suicide

कोरबा, 12 अक्टूबर2025। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना,जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत लैगा गांव में शनिवार की शाम एक ट्रक ड्राइवर ने शराब के नशे में पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी, उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम संतराम यादव बताया जा रहा है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर था। संतराम और उसकी पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद लंबे समय से चल रहा था। आए दिन दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। शनिवार की शाम करीब 6 बजे किसी बात को लेकर फिर दोनों के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि संतराम शराब के नशे में था, और गुस्से में आकर उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।

पत्नी की हत्या के कुछ ही समय बाद संतराम ने भी खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगा ली। जब काफी देर तक घर से कोई आवाज नहीं आई, तो पड़ोसियों ने संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पसान पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पति-पत्नी दोनों के शव पड़े मिले। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पसान थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से कुछ सामान जब्त किया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना से गांव में मातम छा गया है। ग्रामीणों के अनुसार, संतराम और उसकी पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था, लेकिन इस तरह की घटना की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।