आधी रात पब में पड़ा छापा, पुलिस को देख युवक-युवतियों ने लगा दी दौड़, रात 12 बजे के बाद भी शराब….

A raid was conducted at a pub at midnight, young men and women started running after seeing the police, liquor was available even after 12 o'clock at night…

भिलाई 22 सितंबर 2025। शहर में देर रात तक शराब परोसने वाले क्लब और रेस्टोरेंट पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार देर रात भिलाई के सूर्या मॉल में स्थित लिस्ट्रोमीनिया पब में पुलिस ने दबिश दी। बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पब में रात 12 बजे के बाद भी शराब परोसी जा रही है। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची, वहां मौजूद युवक-युवतियों में अफरा-तफरी मच गई।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को देखते ही कई युवक और युवतियां पब के पिछले दरवाजे और मॉल के पिछले हिस्से से भागते नजर आए। पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्राहकों से पूछताछ की और पूरी घटना की वीडियोग्राफी करवाई। इसके बाद पब संचालक को नोटिस जारी कर कार्रवाई की गई।

गौरतलब है कि शहर में क्लब और पब को रात 11 बजे तक ही संचालित करने की अनुमति है। इसके बाद शराब परोसना अवैध माना जाता है। बावजूद इसके कई जगहों पर निर्धारित समय के बाद भी शराब परोसी जा रही है, जिससे शहर में कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका बनी रहती है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देर रात शराब परोसने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे पब और बार की लिस्ट तैयार की जा रही है जो तय समय के बाद भी खुले रहते हैं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि शहर में देर रात तक नशे में धुत होकर घूमने और हंगामा करने जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।