कोरबा 10 सितंबर 2025। कोरबा में आज सीएएफ के जवान ने दो लोगों की गोलीमार कर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जवान का अपने ससुराल पक्ष में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। जिसे लेकर आज उसने अपने सर्विस रायफल से चाचा ससुर और उसकी बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए है।
हत्या की ये वारदात हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम महुंआडीह की बतायी जा रही है। बताया जा रहा है कि ग्राम रलिया मेें रहने वाला टेकराम बिंझवार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में पदस्थ है। उसकी पोस्टिंग बांगो बटालियन में है। आज सुबह के वक्त वह अपने ससुराल ग्राम महुआडीह पहुंचा। यहां उसने अपने सर्विस रायफल से सबसे पहले घर के बाहर मिली चाचा ससुर की बेटी मंदासा पर तीन राउंड फायर किया। इस घटना में 19 वर्षीय मंदासा की मौके पर ही मौत हो गयी। बताया जा रहा है गोली चलने की आवाज सुनने के बाद परिवार के लोग घरों में जाकर कमरें में छिप गये। इसी दौरान आरोपी का उसके चाचा ससुर राजेश बिंझवार से सामना हो गया।
आरोपी ने चाचा ससुर पर भी ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे भी मौत के घाट उतार दिया। फिलहाल घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गये है।







