जांजगीर नैला में बड़ी लूट की वारदात, कट्टा अड़ाकर खाद व्यापारी से आठ लाख रुपए लेकर फरार हुए दो नकाबपोश

Major robbery incident in Janjgir Naila, two masked men escaped with Rs 8 lakh from a fertilizer trader at gunpoint

जांजगीर चांपा,07 सितम्बर 2025। जांजगीर नैला में एक खाद व्यापारी से 8 लाख रुपये से अधिक की लूट की वारदात हुई है। घटना नैला चौकी क्षेत्र के बालाजी लॉज के पास की है, जहां दो नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी को गिराकर और कट्टा अड़ाकर लाखों रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

व्यापारी अरुण अग्रवाल अपनी स्कूटी से घर जा रहा था, जब बालाजी लॉज के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उसे गिराया और कट्टा अड़ाकर बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 8 लाख रुपये से अधिक की राशि थी।

सूचना मिलते ही एसपी विजय कुमार पांडेय, एडिशनल एसपी उमेश कश्यप और कोतवाली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और व्यापारी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

यह घटना वार्ड नंबर 3 के सामुदायिक भवन के पास हुई है, जो VVIP वार्ड माना जाता है। इस वार्ड में पूर्व विधायक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल का घर है और वर्तमान विधायक व्यास कश्यप रहते हैं।